छिंदवाड़ा की जनता के सवालों के जवाब दें विधायक कमलनाथ - विवेक बंटी साहू
MLA Kamal Nath should answer the questions of the people of Chhindwara - Vivek Bunty Sahu
छिंदवाड़ा की जनता के सवालों के जवाब दें विधायक कमलनाथ - विवेक बंटी साहू
छिंदवाड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने जनता के मन में चल रहे कुछ महत्वपूर्ण सवाल छिंदवाड़ा विधायक कमलनाथ से पत्रकार वार्ता के माध्यम से पूछे। भाजपा जिलाध्यक्ष के कहा कि मैं छिंदवाड़ा की जनता के मन में चल रहे सवालों को आपके माध्यम से कमलनाथ तक पहुंचाना चाहता हूं और इन सवालों का जवाब विधायक कमलनाथ खुद दें, किस अन्य को जवाब देने के लिए ना लगाएं।
श्री साहू ने कहा कि छिंदवाड़ा में सनातन धर्म की ध्वजा ऊंची करने वाले संत सम्माननीय धीरेंद्र शास्त्री जी का आगमन होने जा रहा है। सम्माननीय धीरेंद्र शास्त्री जी का छिंदवाड़ा में हार्दिक अभिनंदन है। लेकिन कमलनाथ जी जनता के इस सवाल का जवाब दें कि आपके विशेष सहयोगी एवं आपके कार्यकाल में प्रभावशाली मंत्री रहे सज्जन सिंह वर्मा और गोविंद सिंह द्वारा संत श्री धीरेंद्र शास्त्री जी के लिए अनर्गल टिप्पणी की जा चुकी हैं, क्या आप उस टिप्पणी से सहमत हैं, अगर नहीं हैं तो क्या आप सार्वजनिक मंच पर संत श्री धीरेंद्र शास्त्री जी से आपके सहयोगियों द्वारा उनके विरुद्ध की गई टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे?
आगे श्री साहू ने पूछा कि कमलनाथ जी देश विदेश जा रहे हैं और आजकल लगातार छिंदवाड़ा के भी दौरे कर रहे हैं, लेकिन इन दौरों में आप किसी भी गांव का दौरा नहीं करते हैं, क्या इस दौरे में आप छिंदवाड़ा के कुछ गांवों का दौरा करेंगे आपको सफलता के इस चरम तक पहुंचाने वाली जनता से उनके घर या गांव जाकर मुलाकात करेंगे?
श्री साहू ने तीसरा सवाल पूछा कि जेपी इंजीनियरिंग कालेज में जनता के साथ जो छल हुआ है उसकी भरपाई आप कैसे करेंगे? श्री साहू ने चौंथा सवाल पूछा कि क्या आपके कॉलेज में छिंदवाड़ा के युवाओं को पढ़ने का मौका मिल पाएगा? इन सवालों को पूछते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू ने कहा कि ये सवाल मेरे नहीं जनता के हैं और कमलनाथ जी स्वयं जनता के इन सवालों का जवाब दें किसी अन्य व्यक्ति को जवाब देने की जिम्मेदारी ना सौंपे। जनता कमलनाथ को दिए प्यार के बदले में इन सवालों के जवाब उनके मुख से सुनना चाहती है। श्री साहू ने कहा कि जनता इन सवालों का गंभीरता पूर्वक जवाब चाहती है। उम्मीद है कि आप जनता को निराश नहीं करेंगे ।
पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू के साथ प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कन्हईराम रघुवंशी, विजय झांझरी, जिला कार्यालय मंत्री अलकेश लाम्बा, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष जगेन्द्र अल्डक, आईटी विभाग के जिला सयोंजक दीपक कोल्हे उपस्थित रहे ।



Comments (0)
Facebook Comments